

एलायंस टुडे ब्यूरो
गाजियाबाद: गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि बाकी तीन मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने जानकारी दी कि कौशांबी क्षेत्र के एक दंपती हाल ही में बैंगलूरू से यात्रा करके लौटा था। दोनों को सर्दी-खांसी की शिकायत थी और जांच कराने पर कोविड-19 की पुष्टि हुई है। संक्रमितों में एक 18 वर्षीय युवती, एक 71 वर्षीय बुजुर्ग पुरुष, एक 64 वर्षीय महिला और एक 37 वर्षीय महिला शामिल हैं।
इसी के साथ गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी दो नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। अब गुरुग्राम में तीन और फरीदाबाद में दो संक्रमित मरीज हैं। इस प्रकार, गाजियाबाद सहित एनसीआर में कोरोना के कुल नौ सक्रिय मामले सामने आ चुके हैं। फरीदाबाद की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलका सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्कों की जांच की जा रही है। उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। फिलहाल दोनों मरीज खतरे से बाहर हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं।
डॉ. सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है। यदि किसी को बुखार, खांसी, सर्दी या कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और जांच कराएं। भीड़भाड़ से बचें, हाथों को नियमित रूप से साफ रखें, मास्क पहनें और नाक, मुंह या आंखों को बार-बार न छुएं। अस्वस्थ महसूस करने पर यात्रा से बचें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भारत समेत एशियाई देशों में कोरोना संक्रमण की वापसी देखी जा रही है, हालांकि भारत में स्थिति अभी नियंत्रण में है। संक्रमण की गति धीमी है, जबकि थाईलैंड, सिंगापुर, हांगकांग और चीन में मामलों में इजाफा देखा गया है।
हाल में सक्रिय हुए JN.1 वेरिएंट के लक्षण पुराने वेरिएंट्स जैसे ही हैं बुखार, खांसी, गले में खराश, थकान और सांस लेने में परेशानी। हालांकि अधिकांश मामले हल्के हैं, परंतु बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों के लिए खतरा अधिक है। मुंबई में दो मरीजों की मौत हुई है, लेकिन दोनों को पहले से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



