

एलायंस टुडे ब्यूरो
बिजनौर: गंगा नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन दोस्त मदद के लिए चिल्लाते रह गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस और गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। विशेष रूप से एक मृतक समीर, अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
शुक्रवार को मंडावर कस्बे के मोहल्ला कस्साबान के निवासी समीर पुत्र हकीम उर्फ कल्लू, तनवीर पुत्र तहजीम, और उनके तीन दोस्त अमन, अनस और तैय्यब गंगा स्नान के लिए मीरापुर खादर पहुंचे थे। वहां नदी किनारे एक नाव खड़ी थी, जिस पर चढ़कर सभी दोस्त नदी में छलांग लगाने लगे।
जैसे ही समीर और तनवीर ने नाव से छलांग लगाई, वे गहरे पानी में समा गए और बाहर नहीं निकल सके। बाहर खड़े उनके दोस्त उन्हें बचाने की कोशिश में चिल्लाते रहे, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था।
सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सीओ संग्राम सिंह व मंडावर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
16 वर्षीय समीर और तनवीर की असमय मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। समीर की मौत से उसकी पांच बहनों का एकमात्र सहारा भी छिन गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



