
एलायंस टुडे ब्यूरो
झारखंड। चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह से ही राजधानी रांची सहित कई जिलों में रुक-रुक कर तेज़ बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 31 अक्तूबर तक राज्य के विभिन्न इलाकों में मोंथा तूफान का प्रभाव बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान फिलहाल काठी नाला के पास सक्रिय है और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके चलते अगले दो दिनों में राज्य के दक्षिण-पश्चिमी, मध्य और संताल परगना क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
30 अक्तूबर को जिन जिलों में भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर रहेगा, उनमें पलामू, गढ़वा, लातेहार, कोडरमा, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, बोकारो और गिरिडीह शामिल हैं। इन इलाकों में आंधी के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की भी संभावना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। वज्रपात के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें, और तेज़ हवा चलने की स्थिति में मजबूत इमारतों में शरण लें।
इस बीच, तूफान के असर से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। कई विमानों की उड़ानें विलंब से रांची पहुंचीं, जबकि कुछ रूटों पर संचालन अस्थायी रूप से रोका गया है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि मोंथा का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक झारखंड पर बना रह सकता है, इसलिए सतर्कता ही फिलहाल सबसे बड़ा बचाव है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
