
एलायंस टुडे ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को बरेली में समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी सपा की सरकार आई, प्रदेश में अपराधी, माफिया और कसाई खुलेआम संरक्षण पाते रहे। अवैध बूचड़खाने धड़ल्ले से चलते रहे और “गौ माता की हत्या तक होती रही”।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने न सिर्फ इन बूचड़खानों पर कार्रवाई की, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी सख्ती से दुरुस्त किया है। “आज हालत यह है कि अपराधी या तो जेल की सलाखों के पीछे हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। बेटियां आधी रात को भी निडर होकर घर से बाहर निकल सकती हैं और व्यापारी बिना किसी खौफ के कारोबार कर रहे हैं।”
योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
बृजेश पाठक ने योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रदेश को “बीमारू राज्य” की छवि से बाहर निकालकर एक अग्रणी राज्य बनाया गया है। उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में 240 करोड़ से अधिक पौधारोपण किया गया है, जिससे हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
बरेली में ‘नमो मैराथन’ का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से लेकर महात्मा गांधी जयंती तक मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत बरेली में रविवार को “नमो युवा रन” (मैराथन दौड़) का आयोजन हुआ। स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई यह 5 किलोमीटर लंबी दौड़ आईवीआरआई गेट तक गई और फिर स्टेडियम लौटकर समाप्त हुई।
सुबह 6:30 बजे डिप्टी सीएम पाठक ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ का शुभारंभ किया। हजारों युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को क्रमशः ₹5100, ₹3100 और ₹2100 का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि तीन अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि के तौर पर ₹1000-₹1000 दिए गए। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रमाणपत्र भी भेंट किए गए।
