
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: राजधानी के कैंट क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार तड़के एक राहगीर ने सड़क पार करते तेंदुए का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद वन विभाग और कैंट बोर्ड की टीम हरकत में आई और इलाके में निगरानी तेज कर दी गई।
कैसे सामने आया तेंदुआ
स्थानीय निवासी के मुताबिक, रविवार सुबह-सुबह उसने सड़क किनारे हरकत महसूस की। जब उसने अपनी कार रोकी तो सामने तेंदुआ दिखाई दिया। कुछ ही सेकेंड में वह सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया गया, जिसके वायरल होते ही प्रशासन सक्रिय हो गया।
कड़ी निगरानी और गश्त बढ़ी
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और कैंट बोर्ड की संयुक्त टीम ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। टीम ने मौके पर तेंदुए के पगचिह्न भी चिह्नित किए हैं। सुरक्षा के लिए 8-8 घंटे की शिफ्ट में 3-3 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से अपील
वन विभाग ने निवासियों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर निकलने से बचें और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखें। अगर तेंदुआ दोबारा दिखाई दे तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दें।
पहले भी मिल चुके हैं तेंदुए के निशान
यह पहला मौका नहीं है जब लखनऊ कैंट या आसपास के इलाकों में तेंदुआ देखा गया हो। पिछले साल भी इसी क्षेत्र में तेंदुए के पगचिह्न मिलने के बाद कई दिनों तक ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगल से जुड़े ग्रीन कॉरिडोर की वजह से यह इलाका तेंदुओं की आवाजाही के लिए सुरक्षित मार्ग बन गया है।
डीएफओ का बयान
डीएफओ लखनऊ शितांशु पांडेय ने पुष्टि करते हुए कहा,
“गन्ना संस्थान के पास तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और 8-8 घंटे की शिफ्ट में 3-3 कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
