
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने तीन दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को विकास और जनसुनवाई, दोनों मोर्चों पर बड़ा संदेश दिया। एक ओर उन्होंने गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में ₹995 करोड़ से अधिक लागत की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, वहीं गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि “महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर की विकास यात्रा में आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।” उन्होंने कहा कि ₹995 करोड़ से अधिक की इन परियोजनाओं से जनसुविधाओं, आधुनिक अधोसंरचना और समृद्ध भविष्य के संकल्प को नई गति मिलेगी। यह परियोजनाएं जनसुविधा, जनविश्वास और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सशक्त अभिव्यक्ति हैं।
सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित मामलों का इस्टीमेट तैयार कराकर आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीजीआई लखनऊ में भर्ती के लिए बेड की मांग करने वाली युवती की भी मदद सुनिश्चित करने को कहा।
घरेलू विवाद से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई। एक महिला की शिकायत पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहले उसके ससुराल पक्ष को समझाया जाए और यदि वे नहीं मानते हैं तो महिला को उसके घर में वैधानिक कब्जा दिलाया जाए। वहीं, दो बेटों के जेल में होने की शिकायत करने वाली महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वे निर्दोष हैं तो उन्हें न्याय मिलेगा और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की और महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। इससे पहले उन्होंने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में जाकर गायों को गुड़ और रोटी खिलाई।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए गए स्पष्ट संदेश प्रमुख आकर्षण रहे।
UP Desk Alliance Today की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। टीम निष्पक्ष और प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।
