

– डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% Tariff, सरकार ने कहा- MSME और किसानों के हितों से नहीं होगा समझौता
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत सरकार की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। सरकार ने साफ किया है कि वह देश के किसानों, उद्यमियों और MSME सेक्टर को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार कर रही है फैसले के प्रभावों का अध्ययन
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान को गंभीरता से लिया है और उसके प्रभावों का आकलन किया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, सरकार देश के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि भारत और अमेरिका बीते कुछ महीनों से एक निष्पक्ष, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर काम कर रहे हैं। सरकार इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहती है कि वह राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखेगी।
किसानों और MSME को मिलेगा संरक्षण
सरकार ने यह भी कहा कि भारत अपने किसानों, छोटे उद्योगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के हितों की रक्षा और संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। इसके साथ ही ब्रिटेन के साथ हाल ही में हुए व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते का उदाहरण देते हुए बताया गया कि भारत हर साझेदारी में अपने हितों को सुरक्षित रखने की दिशा में काम करता है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



