-सेना की संवेदनशील जानकारी Pakistan भेजने वाला जासूस गिरफ्तार, डेढ़ साल से कर रहा था जासूसी
एलायंस टुडे ब्यूरो
पटियाला। पंजाब पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो भारतीय सेना की गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को भेज रहा था। पकड़ा गया आरोपी गुरप्रीत सिंह (38) पटियाला के फरीदपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक हनीट्रैप का शिकार होकर करीब डेढ़ साल से पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था।
फेसबुक पर ‘पंजाबी कुड़ी’ प्रोफाइल से शुरू हुई जासूसी की कहानी
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुरप्रीत सिंह सोशल मीडिया पर ‘पंजाबी कुड़ी’ नाम की एक फेसबुक प्रोफाइल के संपर्क में आया। इस प्रोफाइल पर ‘लिव-इन कराची’ लिखा था। इसी प्रोफाइल से उसे भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर भेजने के लिए कहा गया।
यह भी पढ़ें – भारत पर Tariff लगाने के ट्रंप के फैसले पर सरकार की प्रतिक्रिया, किसानों और MSME को मिलेगी प्राथमिकता
पाकिस्तान के नंबर को दिलाया बीएसएनएल सिम, भेजता था गोपनीय जानकारियां
पुलिस जांच में सामने आया कि गुरप्रीत ने दिसंबर 2024 में अपने नाम से बीएसएनएल का एक सिम कार्ड लिया और वह सिम पाकिस्तान में बैठे किसी अज्ञात व्यक्ति को दे दिया। उस नंबर का उपयोग वॉट्सऐप जैसे मैसेजिंग ऐप्स पर किया जा रहा था। गुरप्रीत के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग वह सेना की खुफिया जानकारियां भेजने में करता था।
कई एप्स के जरिए करता था संवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप
गुरप्रीत सिंह विभिन्न एप्स के जरिए पाकिस्तान में संपर्क बनाए हुए था और लगातार संवेदनशील सूचनाएं साझा कर रहा था। पुलिस का कहना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है, और गुरप्रीत सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।

