
सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोडाड मंडल के डोराकुंटा के बाहरी इलाके में हुआ, जहां एक निजी ट्रैवल बस सड़क किनारे खड़े कंटेनर डीसीएम से टकरा गई।
हादसे के समय बस में कुल 42 यात्री सवार थे। मृतकों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चार अन्य की स्थिति भी नाजुक बताई गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक निजी बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। इसी दौरान बस ने सड़क पर खड़े कंटेनर डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसके अंदर फंस गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के कारणों की जांच के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मुख्यमंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा।
PM मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सूर्यापेट हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि सूर्यापेट में हुए हादसे की जानकारी से वह बेहद दुखी हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



