

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर जारी CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के आंदोलन के बीच शुक्रवार को पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि आज रात CJP की टीम को गिरफ्तार किया जा सकता है।
प्रेसवार्ता के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, “ऐसी खबरें मिल रही हैं कि आज रात हमारी टीम की गिरफ्तारी हो सकती है। मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि शांतिपूर्ण तरीके से बैठे प्रदर्शनकारियों को आखिर क्यों गिरफ्तार किया जाएगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से उठा रहे हैं।
CJP पिछले करीब एक महीने से कथित NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे। हालांकि, उन्होंने गुरुवार देर रात अपना अनशन समाप्त कर दिया।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन के दौरान बीते सोमवार हिंसा भड़क गई थी। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार, कुछ उपद्रवियों ने सुरक्षा व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हुए।
अब अभिजीत दीपके के संभावित गिरफ्तारी वाले दावे के बाद आंदोलन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



