

आजमगढ़: आजमगढ़ पुलिस ने 35 लाख रुपये की जमीन ठगी के मामले का खुलासा करते हुए चार सदस्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह फर्जी खतौनी के जरिए लोगों को जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर खरीदारों का विश्वास जीतते थे और उनसे आरटीजीएस के माध्यम से तथा नकद रकम वसूलते थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक क्रेटा कार और आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस मामले में अहरौला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
अहरौला थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



