
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी। चार दिवसीय यह सत्र वर्ष 2026 का तीसरा सत्र होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।
मानसून सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा। इसके अलावा पिछले सत्र के बाद जारी किए गए अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस बार का अनुपूरक बजट राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानमंडल का दूसरा सत्र 30 अप्रैल को आयोजित हुआ था। उसी दिन विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, जबकि 7 मई को सत्र का औपचारिक सत्रावसान किया गया था।
संविधान के अनुच्छेद-174 और उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य-संचालन नियमावली के अनुसार, विधानमंडल के दो सत्रों के बीच छह माह से अधिक का अंतर नहीं हो सकता। इसी संवैधानिक प्रावधान के तहत सरकार ने 3 अगस्त से मानसून सत्र बुलाने का निर्णय लिया है।
सरकार मानसून सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक अनुदानों की मांगों के साथ-साथ महत्वपूर्ण सरकारी निर्णयों को कानूनी रूप देने के लिए अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक भी सदन में पेश करेगी। इसके अलावा अन्य आवश्यक विधायी कार्यों को भी इस सत्र में निपटाया जाएगा।
UP Desk Alliance Today की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। टीम निष्पक्ष और प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।
