

एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2025 के प्लेऑफ चरण के लिए संशोधित कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस नए कार्यक्रम के अनुसार, सीजन का फाइनल मुकाबला अब कोलकाता के ईडेन गार्डेंस की बजाय अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते आईपीएल को एक सप्ताह के लिए स्थगित करना पड़ा था, जिसके बाद 17 मई से टूर्नामेंट दोबारा शुरू हुआ।
बीसीसीआई ने टूर्नामेंट के बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया था, हालांकि प्लेऑफ और फाइनल के स्थलों की पुष्टि नहीं की गई थी। कयास लगाए जा रहे थे कि कोलकाता से फाइनल की मेजबानी छीनी जा सकती है और अब इस पर आधिकारिक मुहर भी लग गई है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:
29 मई को क्वालिफायर-1 मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में होगा।
30 मई को एलिमिनेटर मुकाबला भी पीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
1 जून को क्वालिफायर-2 और 3 जून को फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा।
गौरतलब है कि पुराने कार्यक्रम में हैदराबाद और कोलकाता को प्लेऑफ मुकाबलों की मेजबानी करनी थी। लेकिन आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मौसम और अन्य कारणों के चलते इन स्थानों में बदलाव का निर्णय लिया।
प्लेऑफ की तस्वीर
आईपीएल 2025 अब अंतिम चरण में है। अब तक पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चौथे स्थान के लिए टक्कर जारी है। वहीं, गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), लखनऊ सुपर जाएंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), सनराइजर्स हैदराबाद, और राजस्थान रॉयल्स का सफर लीग चरण में ही समाप्त हो गया है।
वेन्यू में एक और बदलाव
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने एक अन्य बड़ा बदलाव करते हुए RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले 65वें मुकाबले का स्थान बदल दिया है। यह मैच पहले बेंगलुरु में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में स्थानांतरित किया गया है। बेंगलुरु में भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से यह निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि 17 मई को RCB और KKR के बीच होने वाला मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया था और टॉस तक नहीं हो पाया था। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में 20 मई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अतिरिक्त समय की व्यवस्था
गवर्निंग काउंसिल ने यह भी घोषणा की है कि 20 मई से ग्रुप चरण के बचे हुए मैचों और प्लेऑफ मुकाबलों के लिए एक अतिरिक्त घंटा खेल समय में जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य यह है कि अगर किसी कारणवश मैच में देरी होती है तो पर्याप्त समय उपलब्ध रहे। अब तक आईपीएल 2025 के तीन मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो चुके हैं।आईपीएल 2025: प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू में बदलाव, अब अहमदाबाद में होगा फाइनल मुकाबला
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



