

लखनऊ। तुम मुझसे प्यार नहीं करती, ज़िंदा रहूंगा तो फिर मिलूंगा ये आखिरी शब्द थे 28 वर्षीय आशीष कश्यप के, जिन्होंने सोमवार सुबह शहीद पथ स्थित गोमती नदी के पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। आशीष अमीनाबाद के मौलवीगंज के निवासी थे और फीनिक्स प्लासियो मॉल में नौकरी करते थे। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ कारणों से उनकी नौकरी छूट गई, और हाल ही में पत्नी भी किसी विवाद के चलते मायके चली गई थी। रविवार को आशीष पत्नी को मनाने उसके मायके गए, लेकिन वह वापस नहीं आई।
सोमवार सुबह आशीष स्कूटी से शहीद पथ स्थित गोमती पुल पर पहुंचे और स्कूटी खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर इंस्पेक्टर सुशील कुमार के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया और लगभग तीन घंटे बाद शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक की स्कूटी की सीट के नीचे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने आत्महत्या का कारण बताते हुए अपनी पत्नी को अंतिम बार कॉल करने की बात लिखी है। गोमती नगर इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



