

एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2025 के शेष मुकाबलों से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनके तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डोनोवान फरेरा भारत नहीं लौटेंगे। दोनों खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन को अपने फैसले से अवगत करा दिया है। मिचेल स्टार्क ने इस सीजन दिल्ली के लिए 11 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे और उनकी अनुपस्थिति से गेंदबाजी विभाग को भारी नुकसान हो सकता है। वहीं, फरेरा ने अब तक सिर्फ एक मुकाबला खेला था।
दक्षिण अफ्रीका के एक अन्य खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स को लीग चरण के शेष तीन मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन यदि दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में पहुंचती है तो स्टब्स उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसके अलावा फाफ डुप्लेसिस की उपलब्धता को लेकर भी संशय बना हुआ है।
वहीं पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे मार्कस स्टोइनिस और जोश इंग्लिस टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन 18 मई को होने वाले मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज विल जैक्स ने इंस्टाग्राम पर मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट की तस्वीर साझा कर अपनी वापसी की पुष्टि की है। हालांकि, इंग्लैंड के जोस बटलर की तरह जैक्स भी मुंबई के दो लीग मैच खेलने के बाद इंग्लैंड की सफेद गेंद की सीरीज के लिए रवाना हो जाएंगे। इस सीरीज की शुरुआत 29 मई से वेस्टइंडीज के खिलाफ होनी है, जो आईपीएल के प्लेऑफ से टकरा रही है।
मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए उसे अपने दोनों बचे हुए मुकाबले जीतने होंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते आईपीएल को एक सप्ताह के लिए स्थगित किया गया था, जिससे अब टूर्नामेंट 17 मई से दोबारा शुरू होगा और फाइनल 3 जून को खेला जाएगा।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 18 से 24 मई के बीच आईपीएल खेलने की अनुमति दे दी है। वह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क की जगह टीम में शामिल होंगे। रहमान 18 मई को यूएई के खिलाफ शारजाह में पहला टी20 मैच खेलने के बाद भारत आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला रविवार को गुजरात टाइटंस से होगा।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



