

एलायंस टुडे ब्यूरो
बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के हाल ही में बोले गए ऑपरेशन सिन्दूर की स्टार विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेके जातिसूचक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि सपा के नेता जातिवाद की राजनीति करते-करते अब सेना को भी जातियों में बाँटने की कोशिश कर रहे हैं, उन्होंने कहा, सैनिक की कोई जाति नहीं होती वे देश के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाते हैं सेना का सम्मान जितना किया जाए उतना कम है।
बीएल वर्मा शुक्रवार को बरेली पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने सेप्टिक टैंक और सीवर की सफाई में लगे 50 कर्मचारियों को टूल किट वितरित कर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम नेशनल सफाई कर्मचारी फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और नगर निगम के सहयोग से जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था।
मीडिया से बातचीत में मंत्री वर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने ‘सिंदूर ऑपरेशन’ के जरिए यह साबित कर दिया कि भारत की बेटियों के सिंदूर की कीमत क्या होती है। उन्होंने बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकियों के ठिकानों को सटीक निशाना बनाकर तबाह कर दिया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादी ढेर किए गए।
बीएल वर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी का उल्लेख करते हुए कहा, “मोदी जी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पाकिस्तान ने अगर कोई दुस्साहस किया, तो जवाब कड़ा होगा। और सेना ने वैसा ही कर दिखाया। इसके लिए सेना को सैल्यूट करता हूं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। भारतीय सेना ने तिरंगे का सम्मान बढ़ाया है, और देशभर में तिरंगा यात्राएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा, “आज पूरी दुनिया भारत की ताकत को पहचान चुकी है — सिर्फ पाकिस्तान नहीं।”
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



