

एलायंस टुडे ब्यूरो
जौनपुर: जलालपुर थाना क्षेत्र के रासीपुर गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 17 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रासीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव का बड़ा बेटा हर्षित यादव (17) इंटरमीडिएट का छात्र था। शनिवार की शाम हर्षित अपने कमरे में मोबाइल फोन चार्ज पर लगा रहा था। इसी दौरान किसी तकनीकी खराबी या बिजली के उतार-चढ़ाव के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। परिजनों ने बताया कि कुछ देर तक हर्षित कमरे से बाहर नहीं आया तो उन्हें चिंता हुई। जब वे अंदर पहुंचे तो देखा कि हर्षित अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। परिजन आनन-फानन में उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का शव घर लाए जाने के बाद वातावरण गमगीन हो गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मृतक के घर पर जुट गई और परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश करने लगी। हर्षित दो भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार का सहारा माना जाता था। उसकी मौत के बाद मां अनीता देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार सुबह हर्षित का अंतिम संस्कार राजेपुर रामेश्वर घाट पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शामिल हुए। सभी की आंखें नम थीं और लोग इस असमय हुई मौत से स्तब्ध नजर आए।
घटना के संबंध में जब थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें इस घटना की कोई औपचारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए बिजली के उपकरणों और वायरिंग की समय-समय पर जांच आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



