
एलायंस टुडे ब्यूरो
वाराणसी: वाराणसी के चौक कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राचीन आत्मविश्वेश्वर महादेव मंदिर में रविवार सुबह एक हादसे ने भक्तों में अफरा-तफरी मचा दी। मंदिर परिसर में रुई से की गई भव्य सजावट के बीच सुबह की आरती के दौरान अचानक आग लग गई। इस घटना में पांच श्रद्धालु झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरती के दौरान दीपक और रुई की सजावट के संपर्क में आने से आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते धुआं और लपटें पूरे मंदिर में फैल गईं। मौके पर मौजूद श्रद्धालु घबराकर बाहर भागने लगे। मंदिर में मौजूद कुछ लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की और झुलसे लोगों को तुरंत बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही चौक फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमनकर्मियों ने कुछ ही मिनटों में आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। झुलसे सभी लोगों को महमूरगंज स्थित जेएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है, जबकि बाकी घायलों का उपचार चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी तत्काल मंदिर पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और प्रशासन को सभी आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रशासन से मंदिरों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की अपील भी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी मौसम में मंदिरों में सजावट के दौरान आग से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, विशेषकर जब सजावट में रुई, कपड़ा या अन्य ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया जाए।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
