

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आंदोलन को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा जनआंदोलन बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने आंदोलनकारियों की मांगें नहीं मानीं तो आने वाले दिनों में लाखों युवा दिल्ली पहुंचेंगे।
रांका ने कहा, “20 जुलाई को जो हुआ वह सिर्फ ट्रेलर था। अगर सरकार नहीं मानी तो लाखों लोग दिल्ली आएंगे। इस बार हम पीछे नहीं हटेंगे और चुप नहीं रहेंगे। सरकार को युवाओं की आवाज़ सुननी होगी, वरना देश का युवा उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, 20 जुलाई को संसद मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन जिन स्थानों पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया, वहीं अफरा-तफरी की स्थिति बनी। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के साथ पुलिस ने सख्ती की।
गौरतलब है कि 20 जुलाई को CJP ने ‘चलो संसद’ मार्च का आह्वान किया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा दिल्ली पहुंचे थे। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि कई प्रदर्शनकारियों और पार्टी नेताओं को हिरासत में भी लिया गया था।
आशुतोष रांका ने कहा कि आंदोलनकारी पिछले 31 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे हैं और गांधी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से उनकी प्रमुख मांग है कि आंदोलन में शामिल किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाए और भविष्य में भी किसी प्रकार की एफआईआर दर्ज न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
रांका ने यह भी कहा कि उनकी टीम किसी भी कानूनी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “हम पहले दिन से ही UAPA और NSA जैसे कानूनों के तहत गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। अपनी लड़ाई के लिए जेल जाना हमारे लिए छोटी कीमत है।”
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस आंदोलन का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जो भी इस मुद्दे पर युवाओं के साथ खड़ा होना चाहता है, CJP उसका स्वागत करती है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



