

लखनऊ: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे का भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा और जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम पर कायम है।
केशव मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी प्रयागराज में कहीं भी जाएं, उनके दौरे से भाजपा पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि युवा, किसान और गरीब समेत समाज के सभी वर्ग मजबूती से भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति का व्यापक असर जनता के बीच दिखाई दे रहा है।
दरअसल, राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचेंगे, जहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पहले कार्यक्रम के लिए परेड मैदान प्रस्तावित किया गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद केपी कॉलेज मैदान को कार्यक्रम स्थल के रूप में अंतिम रूप दिया गया। जिला प्रशासन से स्थल के लिए आवश्यक अनुमति भी मिल चुकी है।
कांग्रेस ने कार्यक्रम में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के जरिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया। पार्टी के मुताबिक, अभियान के तहत 1.11 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। कांग्रेस का दावा है कि इससे छात्रों और युवाओं के बीच कार्यक्रम को लेकर उत्साह का पता चलता है।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



