

हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी पहुंचेंगे। रामलीला मैदान में उनकी जनसभा आयोजित की जाएगी। कांग्रेस की ओर से सभा में 20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का दावा किया गया है। खरगे के आगमन और जनसभा को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
जनसभा के दौरान लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड से आने वाले सभी वाहनों को एचएन इंटर कॉलेज में खड़ा कराया जाएगा। वहीं, बरेली रोड से आने वाले वाहनों के लिए लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खटीमा और सितारगंज की ओर से आने वाले वाहनों को गोलापार स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के फिटनेस केंद्र के सामने सड़क के बाईं ओर खड़ा कराया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए ठंडी सड़क (नहर मार्ग) और खालसा इंटर कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया है।
वहीं, कालाढूंगी और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहे से होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में खड़ा कराया जाएगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने और यातायात कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।
इसी के बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का भी एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा है। शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड पेपर लीक की राजधानी बन चुका है और भाजपा सरकार युवाओं के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने देशभर में भाजपा के खिलाफ माहौल बनने का दावा किया। साथ ही कहा कि भाजपा के विधायक भी सरकार के कामकाज से नाराज हैं।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



