

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। मलिहाबाद तहसील में जाति प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर लेखपाल द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहिया खेड़ा निवासी दिग्गज की बेटी सुधा ने सोमवार को तहसील समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी विशाख जी. के सामने यह शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता का आरोप
सुधा ने डीएम को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह कई महीनों से जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील के चक्कर काट रही है। उसने जन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया था, लेकिन लेखपाल ने उसका आवेदन यह कहकर रिजेक्ट कर दिया कि मायके से प्रधान की प्रमाणित प्रतिलिपि लगाकर दोबारा आवेदन करो। सुधा का कहना है कि दोबारा आवेदन करने के बाद लेखपाल ने उससे कहा कि अब ससुराल से जाति प्रमाणपत्र बनवाकर लाओ और इसके लिए 400 रुपये भी ले लिए। इसके बावजूद उसका प्रमाणपत्र अब तक जारी नहीं हुआ।
डीएम ने दिए कड़े निर्देश
डीएम विशाख जी. ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए और लेखपाल को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ऐसे में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले तहसील दिवसों में आए प्रकरणों का भी सत्यापन किया जाए और शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक लिया जाए। साथ ही नए मामलों का गुणवत्तापूर्ण और तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन की सख्ती
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



