
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। गोसाईगंज कस्बे के सुल्तानपुर रोड पर सोमवार देर रात शादाब मोटर्स नामक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। रात करीब 12:50 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें करीब 50 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद गोसाईगंज, पीजीआई और गोमती नगर से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। सौभाग्य से इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान मालिक मोहम्मद आमीन के अनुसार करीब 1 करोड़ रुपये का माल और एक बाइक आग में जलकर खाक हो गई।
कैसे फैली आग
दुकान के मालिक मोहम्मद आमीन ने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से शादाब मोटर्स चला रहे हैं। रविवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे, जो दुकान के ठीक पीछे है। देर रात करीब 1 बजे पड़ोसियों ने दुकान से धुआं उठते देखा और उन्हें सूचना दी। आमीन परिवार और पड़ोसियों संग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक पूरी दुकान लपटों में घिर चुकी थी।
दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया काबू
गोसाईगंज फायर स्टेशन की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए पीजीआई और गोमती नगर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल पांच गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
यातायात प्रभावित
आग लगने के दौरान सुल्तानपुर रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई। दमकल की गाड़ियों और राहत कार्य के कारण सुल्तानपुर से लखनऊ आने वाली लेन करीब ढाई घंटे तक बंद रही। इस दौरान वाहनों का आवागमन एक ही लेन से हुआ, जिससे यातायात धीमा पड़ गया। गोसाईगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और फायर ब्रिगेड को सहयोग दिया।
दुकानदार की पीड़ा
दुकानदार मोहम्मद आमीन ने कहा कि आग में उनकी 30 साल की मेहनत जलकर राख हो गई। नुकसान का सटीक आंकलन अभी बाकी है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 1 करोड़ रुपये का सामान नष्ट हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
