
एलायंस टुडे ब्यूरो
कौशाम्बी। जिले में सीबीआई अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से धमकी देकर 31,500 रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों का गैंग अब तक देशभर में करीब 43 लाख रुपए की ठगी कर चुका है।
इस तरह हुआ खुलासा
सराय अकिल थाना क्षेत्र के ग्राम अकबराबाद निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने साइबर क्राइम थाना मंझनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त से 25 अगस्त 2025 के बीच उन्हें फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। कॉलर ने पोर्न वीडियो देखने का आरोप लगाकर फर्जी मुकदमे में फँसाने और टीम भेजकर उठवा लेने की धमकी दी। डर के माहौल में सुनील गुप्ता ने अलग-अलग तिथियों में कुल 31,500 रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।मामले में साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर तकनीकी संसाधनों और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों के आधार पर जांच शुरू की।
मध्यप्रदेश से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को ठगों का सुराग मध्यप्रदेश में संचालित एक साइबर हॉट स्पॉट से मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कटनी जिले के बाकल थाना क्षेत्र से गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
शोभित उर्फ बाबूलाल पटेल, पुत्र भैयाराम, निवासी ग्राम मंगेला, जिला कटनी (म.प्र.)
सुरेन्द्र पटेल उर्फ मलंगी, पुत्र केशव पटेल, निवासी ग्राम मंगेला, जिला कटनी (म.प्र.)
सोनू सेन, पुत्र परषोत्तम सेन, निवासी ग्राम बगवार कला, थाना रैपुरा, जिला पन्ना (म.प्र.)
अरविन्द लोधी, पुत्र रोहिणी प्रसाद लोधी, निवासी ग्राम खैरो, थाना रैपुरा, जिला पन्ना (म.प्र.)
पुलिस ने चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कौशाम्बी लाकर पूछताछ शुरू की है।
पूछताछ में सनसनीखेज खुलासे
आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी नाम-पते पर सिम कार्ड खरीदते और साथियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों से एटीएम, पासबुक और चेकबुक लेकर उनका इस्तेमाल धोखाधड़ी में करते थे। गैंग के सरगना राशिद के निर्देश पर आरोपी लोगों से संपर्क कर खुद को सीबीआई या सीआईडी अधिकारी बताते थे। गूगल से किसी अधिकारी की वर्दी वाली फोटो डाउनलोड कर उसे व्हाट्सएप डीपी पर लगाकर डराने-धमकाने का काम किया जाता था। इसके बाद पीड़ितों को फर्जी मुकदमे और गिरफ्तारी का भय दिखाकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने पर मजबूर किया जाता था।
अब तक 43 लाख की ठगी
कौशाम्बी के सुनील गुप्ता से ठगे गए 31,500 रुपए के अलावा आरोपियों ने राजस्थान, दिल्ली, पंजाब सहित देश के कई हिस्सों में लोगों को इसी तरह धमका कर अब तक लगभग 43 लाख रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
