

लखनऊ। लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने सोमवार से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर ‘ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे’ बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। इस नई सेवा के जरिए यात्रियों को पहले की तुलना में तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा। फिलहाल बसों का संचालन आलमबाग बस टर्मिनल से किया जा रहा है।
यूपीएसआरटीसी के लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि नई बस सेवा के तहत पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस 8 बजे आलमबाग बस टर्मिनल से रवाना होगी। इसके बाद यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नियमित रूप से बसों का संचालन किया जाएगा। भविष्य में यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
नई बस सेवा शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच करीब 90 किलोमीटर की दूरी अब महज 1 घंटा 45 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें पहले की अपेक्षा अधिक सुगम एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
एक्सप्रेसवे पर अधिक टोल शुल्क होने के कारण इस रूट पर प्रति यात्री ₹151 किराया निर्धारित किया गया है। रोडवेज का कहना है कि तेज और बेहतर यात्रा सुविधा को देखते हुए यह किराया तय किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने शिकायत और सुझाव दर्ज कराने की व्यवस्था भी की है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यात्री लखनऊ क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 8726005808 पर संपर्क कर सकते हैं। रोडवेज ने यात्रियों से नई बस सेवा का लाभ उठाने और अपने सुझाव देकर सेवा को और बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



