
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि देश में छात्रों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है और उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास हो रहा है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए लिखा कि, “मोदी जी, कहाँ गया आपका वह वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उन पर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है।”
राहुल गांधी ने आगे कहा कि “दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली, हर जगह पैटर्न एक ही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी बातों से पीछे हट जाती है और छात्रों की आवाज़ दबाने के लिए हर संभव तरीका अपनाती है।
अपने पोस्ट के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से देश के छात्रों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई करने के बजाय उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने छात्रों पर हमला किया और उनके साथ कथित रूप से बर्बरता की।
हालांकि, राहुल गांधी द्वारा बिहार में छात्रों पर AK-47 से गोली चलाए जाने संबंधी दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
