

एलायंस टुडे ब्यूरो
बाराबंकी: शुक्रवार को बाराबंकी जनपद के जैदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज बारिश के बीच एक भारी-भरकम गूलर का पेड़ चलती रोडवेज बस पर आ गिरा। इस भीषण हादसे में चार महिला शिक्षिकाओं सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जब परिवहन निगम की अनुबंधित बस बाराबंकी से हैदरगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हरख क्षेत्र के राजाबाजार के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ा एक पुराना गूलर का पेड़ अचानक गिर पड़ा और सीधे बस पर आ गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन व पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान:
शिक्षा मल्होत्रा (45), निवासी बाराबंकी
मीना श्रीवास्तव (46), सहायक विकास अधिकारी (वेलफेयर), हरख ब्लॉक
जूही सक्सेना (45), सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकी), हरख ब्लॉक
रकीबुल निशा (55)
संतोष सोनी (38), बस चालक
घायलों में एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बस में कुल 60 यात्री सवार थे, जिनमें से शेष को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का निरीक्षण किया और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं। यह हादसा न केवल मानसून में पेड़ों की नियमित छंटाई व देखरेख की आवश्यकता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी पुनः सोचने को मजबूर करता है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



