
एलायंस टुडे ब्यूरो
बेंगलुरु। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वोटों की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मौजूदा सरकार धांधली से सत्ता में आई है। बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर विपक्ष को वोटिंग डेटा मिल जाए, तो वे यह साबित कर सकते हैं कि देशभर में कई सीटें चोरी की गई हैं। उन्होंने कहा की यह सरकार सिर्फ 25 सीटों के अंतर से बनी है। इन 25 निर्वाचन क्षेत्रों में 34,000 से भी कम वोटों से जीत दर्ज की गई है। यह हमारे संविधान के मूल सिद्धांत ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ पर सीधा प्रहार है।
राहुल गांधी ने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत महादेवपुरा में उनकी पार्टी की जांच का हवाला देते हुए दावा किया कि 6.5 लाख मतदाताओं में से 1.25 लाख वोट फर्जी थे। उन्होंने कहा कि 2019 में महाराष्ट्र में भी इसी तरह का “चमत्कारी वोटिंग पैटर्न” देखा गया था, जहां विधानसभा चुनावों में एक करोड़ नए वोटर शामिल हुए, लेकिन वही वोट लोकसभा में नहीं दिखे और सारे नए वोट भाजपा को मिले।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार पार्टी को 15-16 सीटें जीतनी चाहिए थीं, लेकिन नतीजे कुछ और कह रहे हैं। सवाल उठता है कि जनता में गुस्सा होते हुए भी बीजेपी कैसे जीत जाती है? इसका जवाब वोटरों की सूची में हेरफेर है।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा, चुनाव आयोग अब भाजपा का एजेंट बन चुका है। जो कुछ आप कर रहे हैं, वो देशद्रोह है। हम आपको छोड़ेंगे नहीं।
उन्होंने चुनाव आयोग से पिछले 10 वर्षों की इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट और पूरी वीडियोग्राफी रिकॉर्ड जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि ऐसी जानकारी को छिपाना एक अपराध को छिपाने जैसा है।
कर्नाटक सरकार से कार्रवाई की मांग
राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार से अपील की कि वोटर लिस्ट में हेरफेर को जनता के खिलाफ आपराधिक कृत्य मानते हुए इसकी गहन जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने केवल फर्जी वोट जोड़ने की जांच की है, जबकि वोट हटाने के मामलों की संख्या इससे भी अधिक हो सकती है।
चुनाव आयोग से पूछे पांच सवाल
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से पांच बड़े सवाल पूछे जिसमे, विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं दी जा रही?, सीसीटीवी और वीडियो फुटेज को क्यों मिटाया गया?, फर्जी वोटिंग और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी क्यों की गई?, विपक्षी नेताओं को धमकाया क्यों जा रहा है?, क्या चुनाव आयोग भाजपा का एजेंट बन गया है? शामिल हैं।
लोकतंत्र की चेतावनी
राहुल गांधी ने कहा की भारत का लोकतंत्र बेशकीमती है। अगर इसकी चोरी की जाती रही, तो इसका अंजाम बहुत भयावह होगा। अब जनता बोल रही है—बहुत हुआ!” राहुल गांधी ने साफ कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे, और जो लोग लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उन्हें एक-एक करके जवाबदेह बनाया जाएगा।
