

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आरक्षण के मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बहुजन समाज, खासकर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन, सम्मान और समानता से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है। उन्होंने SC-ST वर्ग को आरक्षण के लाभ से जोड़ते हुए क्रीमी लेयर की व्यवस्था लागू करने की चर्चा को अनुचित बताया।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में कहा कि SC और ST समाज ने सदियों तक जातिगत भेदभाव, शोषण और सामाजिक उपेक्षा का सामना किया है। ऐसे में इन वर्गों के लिए आरक्षण आज भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जातिगत भेदभाव और अत्याचार पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं, इसलिए आरक्षण को केवल आर्थिक स्थिति के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए।
RSS प्रमुख के बयान पर भी साधा निशाना
मायावती ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख के कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरक्षण के राजनीतिकरण से समाज में कड़वाहट पैदा होने और आरक्षण का लाभ लेने वालों से स्वेच्छा से लाभ छोड़ने की बात को लेकर इसे जातिवादी सोच का परिचायक बताया।
मायावती ने कहा कि आरक्षण का मूल उद्देश्य उन लोगों को संविधान के तहत समानता और सम्मान का अवसर देना है, जिन्होंने सदियों से सामाजिक भेदभाव झेला है। उनके मुताबिक, आरक्षण को केवल आर्थिक उन्नति के पैमाने पर नहीं आंका जा सकता, क्योंकि जातिगत भेदभाव का प्रभाव आज भी समाज और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देता है।
मायावती ने कहा कि केंद्र में रही विभिन्न सरकारें भी इस सामाजिक वास्तविकता से परिचित रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि सरकार के पास SC-ST समाज को क्रीमी लेयर के दायरे से बाहर रखने के लिए ठोस संवैधानिक और कानूनी आधार हैं, तो वह अदालत के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष रखेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार सरकारों की कमजोर कानूनी पैरवी के कारण सामाजिक परिवर्तन और समानता से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते हैं। मायावती ने सरकार से ऐसे मामलों में प्रभावी और मजबूत कानूनी पैरवी सुनिश्चित करने की मांग की।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



