

लखनऊ: ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत लखनऊ में आयोजित भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। युवाओं की बड़ी भागीदारी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तिरंगे को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रगौरव का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ-साथ भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति प्रेम, समर्पण और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
यह तिरंगा यात्रा काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश के महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृतियों को भी नमन किया।
‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की सादगी, विकास, विरासत और देश की आन-बान-शान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में 25 से 30 हजार युवा तिरंगा यात्रा में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि युवा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प के साथ उन हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सभी हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने इसे देश के हर युवा के लिए प्रेरणा बताया।
सुरेश खन्ना बोले- राष्ट्र गौरव और सम्मान का प्रतीक है तिरंगा
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र का प्रतीक और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा ही हमारे देश की पहचान है।
सुरेश कुमार खन्ना ने लोगों से अपने राष्ट्र गौरव और राष्ट्र सम्मान को घरों पर प्रदर्शित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज से 15 अगस्त तक सभी देशवासियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



