

लखनऊ: होम्योपैथिक फार्मासिस्ट भर्ती के अंतिम परिणाम में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों का धैर्य अब टूटने लगा है। शुक्रवार सुबह 9 बजे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गोमतीनगर स्थित पिकअप भवन पहुंचे और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) कार्यालय का घेराव करते हुए जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले आठ महीनों से अनिश्चितता और मानसिक तनाव के बीच जीवन गुजार रहे हैं। उनके अनुसार, भर्ती प्रक्रिया का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) करीब आठ महीने पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक अंतिम चयन सूची जारी नहीं की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य भर्ती प्रक्रिया में इतनी असामान्य देरी आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि परिणाम में देरी ने उन्हें सफलता और असफलता के बीच अधर में लटका दिया है। लंबे इंतजार के कारण मानसिक तनाव, अवसाद और असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ती जा रही है। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि लंबित परिणाम के चलते वे न तो अन्य करियर विकल्प चुन पा रहे हैं और न ही भविष्य की कोई योजना बना पा रहे हैं।
आर्थिक और पारिवारिक दबाव बढ़ रहा
अभ्यर्थियों ने कहा कि परिणाम में देरी के कारण उन पर आर्थिक और पारिवारिक दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले उम्मीदवारों के लिए यह स्थिति और अधिक कठिन होती जा रही है। उनका कहना है कि परिवार और समाज के सवालों के बीच उन्हें लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार की ‘मिशन रोजगार’ नीति का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों ने आयोग से अपील की कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का परिणाम नहीं, बल्कि सैकड़ों युवाओं के करियर और जीवन से जुड़ा सवाल है।
जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम घोषित नहीं किया गया, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखी है, लेकिन लगातार बढ़ता इंतजार अब उनके लिए असहनीय होता जा रहा है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



