

एलायंस टुडे ब्यूरो
शोपियां: आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना की निर्णायक कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन सिंदूर के सफल निष्कर्ष के बाद अब सेना ने ऑपरेशन केलर (Operation Keller) की शुरुआत की है। यह अभियान 13 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के शोएकाल केलर क्षेत्र में शुरू हुआ, जब राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट को आतंकियों की मौजूदगी की सटीक खुफिया जानकारी प्राप्त हुई।
भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स ADG PI INDIAN ARMY’ के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑपरेशन केलर के तहत एक बड़ी आतंकरोधी कार्रवाई अंजाम दी गई। इस अभियान में जब सेना के जवान ‘सर्च एंड डिस्ट्रॉय’ मिशन के तहत आगे बढ़े, तो आतंकियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सेना ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन कट्टर आतंकवादियों को मार गिराया।
सेना के सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन केलर हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर का ही विस्तार है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने सीमा पार पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर नष्ट किया था। अब उसी अभियान को जम्मू-कश्मीर के भीतर सक्रिय आतंकी नेटवर्क को समाप्त करने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सेना ने स्पष्ट किया कि शोपियां के जंपाथरी इलाके में मंगलवार सुबह घिरे गए तीनों आतंकी पहलगाम हमले से संबंधित नहीं थे। ये एक अलग आतंकवादी समूह का हिस्सा थे, जिनकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। वहीं दूसरी ओर, पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए भी सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिए हैं।
भारतीय सेना की यह कार्रवाई एक बार फिर यह साबित करती है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी रणनीति बेहद सटीक, आक्रामक और निरंतर है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



