
लखनऊ/पलवल। हरियाणा के पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “हरियाणा के पलवल में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को हरियाणा सरकार से समन्वय स्थापित करते हुए दुर्घटना में काल-कवलित हुए उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने एवं घायलों के समुचित इलाज हेतु निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
राजस्थान के धार्मिक स्थलों से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा 1 सितंबर की तड़के पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर हुआ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के श्रद्धालु राजस्थान के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद मथुरा-वृंदावन लौट रहे थे।
बताया गया कि मैनपुरी के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के लोग शुक्रवार को एक पिकअप वाहन से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सोमवार शाम श्रद्धालुओं ने राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे। इसके बाद सभी वृंदावन के लिए रवाना हुए थे।
मंगलवार तड़के पिकअप पलवल सीमा में KMP एक्सप्रेसवे पर पहुंची। इसी दौरान वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 6 की मौत, 15 घायल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 6 श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी और महेश समेत छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे के बाद दोनों चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं पिकअप चालक सुधीर के भी घटनास्थल से फरार होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश प्रशासन हरियाणा सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद तक पहुंचाने और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई कर रहा है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



