
लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को दोपहर करीब 2 बजे राजधानी में अचानक अंधेरा छा गया, जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान आसमान में लगातार बादलों की तेज गर्जना सुनाई देती रही, जिससे लोगों में भय का माहौल भी देखने को मिला।
तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हजरतगंज क्षेत्र में कई वाहन चालकों ने दुर्घटना से बचने के लिए अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए। अचानक छाए अंधेरे और तेज बारिश के चलते यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
सुबह से 35 जिलों में रुक-रुक कर हो रही थी बारिश
मंगलवार सुबह से ही लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत करीब 35 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। हालांकि, लखनऊ में दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने की स्थिति भी देखने को मिली। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को जलभराव और खराब मौसम से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 से 3 सितंबर तक लखनऊ और सुल्तानपुर समेत पूर्वी एवं दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 25 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार मंगलवार और बुधवार को बांदा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
इसके अलावा बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और संभल सहित आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार तक बारिश के आसार, फिर कम हो सकती है मानसूनी सक्रियता
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक इन जिलों में अच्छी बारिश के संकेत बने हुए हैं। इसके बाद शुक्रवार रात या शनिवार से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और मानसूनी सक्रियता में कमी आने की संभावना है।
इस बीच प्रदेश में बीते दिनों भी कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। सोमवार को मुरादाबाद में सबसे अधिक 149 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि प्रयागराज में 132 मिमी और चित्रकूट में 67 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लगातार बारिश और गरज-चमक को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।


