
लखनऊ: सावन के तीसरे बुधवार को लखनऊ के मोहन रोड पर करीब 1,500 कांवड़ियों ने बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में मूल शिवलिंग के दर्शन कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वैदेही सेना के नेतृत्व में पहुंचे कांवड़ियों ने मंदिर में शिवलिंग पर लगी चांदी की परत हटाने की मांग की। प्रदर्शन के चलते मोहन रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
कांवड़ियों का कहना है कि वे बिठूर से गंगाजल लेकर बुद्धेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचे हैं, लेकिन वे पहले मूल शिवलिंग के दर्शन करना चाहते हैं। उनका आग्रह है कि शिवलिंग पर लगी चांदी को हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन कराए जाएं, ताकि वे सीधे उस पर गंगाजल अर्पित कर सकें।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसीपी काकोरी शकील अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब तीन थानों की पुलिस को भी तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
बिठूर से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़िए
वैदेही सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनमोल द्विवेदी के मुताबिक, रविवार को करीब 1,500 कांवड़िए और संगठन के सदस्य बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से बिठूर के लिए रवाना हुए थे। वहां गंगा तट से गंगाजल लेने के बाद सभी बुधवार को लखनऊ लौटे और बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।
मंदिर पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने शिवलिंग पर लगी चांदी हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन कराने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने “शिवलिंग खोलो, बिना विरोध” जैसे नारे भी लगाए।
मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के तीसरे बुधवार को बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “हर-हर शंभू” के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन कर दूध, जल, पुष्प, बेलपत्र और धतूरा अर्पित किया।
अनमोल द्विवेदी ने कहा कि बुद्धेश्वर महादेव के शिवलिंग पर कई वर्षों से चांदी चढ़ी हुई है। संगठन का कहना है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए मूल शिवलिंग के दर्शन कर उस पर सीधे गंगाजल चढ़ाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह मांग पहले भी मंदिर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के सामने रखी जाती रही है। वैदेही सेना का कहना है कि उसका उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को मूल शिवलिंग के दर्शन और उस पर जलाभिषेक का अवसर दिलाना है। संगठन ने कहा कि मांग पूरी होने तक वह संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी बात रखता रहेगा।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।


