
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि पार्टी सर्वसमाज में अपना जनाधार मजबूत करने के साथ-साथ विधानसभा स्तर पर उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की घोषणा की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।
मायावती ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीएसपी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी है। विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जहां पार्टी उम्मीदवारों के चयन और उनके नामों की घोषणा की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि बीएसपी की इन तैयारियों को लेकर विरोधी दलों में बेचैनी दिखाई दे रही है।
ब्राह्मण समाज को लेकर भी मायावती का फोकस
मायावती ने कहा कि बीएसपी सर्वसमाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की अपनी नीति के तहत खासकर ब्राह्मण समाज को भी पार्टी से जोड़ने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ब्राह्मण समाज के लोगों को आगामी चुनाव में उम्मीदवार बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
मायावती ने इसे वर्ष 2007 में बनी बीएसपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार की तर्ज पर सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की रणनीति से जोड़ते हुए कहा कि इसको लेकर विरोधी दलों में चर्चा और चिंता दोनों दिखाई दे रही हैं। उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के संभावित राजनीतिक हथकंडों से सतर्क रहने की अपील की।
सतीश चंद्र मिश्रा को मिली अहम जिम्मेदारी
मायावती ने बताया कि बीएसपी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश चंद्र मिश्रा को पार्टी ने नई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके मुताबिक, मिश्रा लंबे समय से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाते रहे हैं और बीएसपी सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता, कैबिनेट मंत्री तथा राज्यसभा सांसद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष भी कई बार रह चुके हैं।
मायावती के अनुसार, सतीश चंद्र मिश्रा को पार्टी की ओर से पहले से संभाली जा रही कानूनी और मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियों के साथ अब चुनाव आयोग से संबंधित कार्यों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग से जुड़े मामलों में सतीश चंद्र मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। मायावती ने कहा कि बीएसपी चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज में अपना आधार बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



