
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। सोमवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के पास भंडार गांव के समीप नदी-नाले उफान पर आ गए। तेज बहाव के चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए उत्तराखंड के नौ जिलों, उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में फ्लैश फ्लड, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की सलाह का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
वहीं हरिद्वार, अल्मोड़ा, चंपावत और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
