
लखनऊ। रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दौरे के दौरान रक्षा मंत्री शोकाकुल परिवारों से मुलाकात, विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सहभागिता और विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
28 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री 28 अगस्त को शाम 4:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सदर बाजार, न्यू गणेशगंज और महानगर क्षेत्र में शोकाकुल परिवारों से मुलाकात करेंगे। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम करीब 6:20 बजे कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंचेंगे।
आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
29 अगस्त को राजनाथ सिंह सुबह 11:30 बजे बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे विशाल खंड, गोमतीनगर में सीनियर सिटीजन होम भवन का उद्घाटन करेंगे।
शाम 4 बजे लाजपत नगर चौराहा स्थित फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान लाला लाजपत राय और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया जाएगा।
‘मन की बात’ सुनेंगे, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
30 अगस्त को रक्षा मंत्री सुबह 10:55 बजे दिलकुशा लॉन पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके साथ ही लखनऊ कैंट क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे दुबग्गा-सीतापुर रोड बाईपास स्थित प्रेरणा स्थल के निकट रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके बाद शाम 4 बजे होटल ताज में आयोजित PM-SETU कार्यशाला में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 5:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
रक्षा मंत्री के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए लखनऊ में उनके विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।


