
लखनऊ। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल में फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए व्यवस्था तेज कर दी है। यूपी राहत आयुक्त की ओर से परिजनों और प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया गया है।
सरकार ने नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों के परिजनों से तत्काल हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है। किसी भी तरह की सहायता, सूचना या समन्वय के लिए 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
योगी ने जताई चिंता, अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति को अत्यंत चिंताजनक बताया है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जनपद महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने तथा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल प्रशासन से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को नेपाल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नेपाल में बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में फंसे सभी भारतीय नागरिक सकुशल और सुरक्षित हों, यही भगवान पशुपतिनाथ से प्रार्थना है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित नागरिकों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
गंडक और नारायणी के जलस्तर पर नजर
नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन को आवश्यक संसाधनों और राहत व्यवस्था के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरी हेल्पलाइन: 1070 यूपी राहत आयुक्त टोल फ्री हेल्पलाइन
नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के परिजन किसी भी सहायता या सूचना के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



