
लखनऊ। बारावफात (ईद-ए-मिलाद-उन-नबी) और चुप ताजिया पर्व को लेकर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 26 अगस्त को 12वीं रबी-उल-अव्वल के मौके पर मदहे-सहाबा का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को देखते हुए पुराने लखनऊ, अमीनाबाद और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है।
जुलूस सुबह 10 बजे अमीनाबाद स्थित झंडे वाले पार्क से शुरू होकर बाजारखाला में समाप्त होगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लखनऊ पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
लखनऊ पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने चौक स्थित गोल्डन पैलेस में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों को सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस की ओर से विभिन्न इलाकों में लगातार गश्त और फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन शांति समिति और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ भी लगातार संवाद कर रहा है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो।
सुबह 7 बजे से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
जुलूस के मद्देनजर 26 अगस्त को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या परिवर्तित रहेगी।
चरक चौराहा से आने वाला ट्रैफिक मेफेयर तिराहा-विक्टोरिया स्ट्रीट से नक्खास की ओर नहीं जा सकेगा। वाहन चौक/मेडिकल कॉलेज होकर निकलेंगे।
नक्खास तिराहा से नादान महल रोड और टुड़ियागंज की ओर जाने वाले वाहनों को अकबरी गेट-चरक चौराहा मार्ग से भेजा जाएगा।
टुड़ियागंज तिराहा से नक्खास जाने वाला ट्रैफिक गिरधारी सिंह इंटर कॉलेज और मंसूर नगर होकर जाएगा।
टुड़ियागंज से हैदरगंज (लाल माधव) तिराहा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन गिरधारी सिंह इंटर कॉलेज-मंसूर नगर होकर जाएंगे।
हैदरगंज तिराहा से नक्खास/ऐशबाग ईदगाह की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। बुलाकी अड्डा और मिल एरिया होकर जाना होगा।
वाटर वर्क्स तिराहा से ऐशबाग ईदगाह तिराहा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
मेडिकल कॉलेज चौराहा से सुभाष मार्ग होकर रकाबगंज पुल जाने वाले वाहन सिटी स्टेशन तिराहा/शाहमीना होकर जाएंगे।
अमीनाबाद पोस्ट ऑफिस तिराहा से मौलवीगंज होकर रकाबगंज पुल जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन छतरी वाले चौराहे से अमीनाबाद/नजीराबाद होकर जाएंगे।
रकाबगंज पुल से अमीनाबाद की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन नाका/मेडिकल कॉलेज होकर निकलेंगे।
कैसरबाग बस स्टैंड, गुईन रोड, नजीराबाद और अमीनाबाद चौराहा से झंडे वाले पार्क की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग के रूप में कैसरबाग, अशोक लाट, श्रीराम रोड और सिटी स्टेशन का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ऐशबाग पुल से ईदगाह की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन पुल के नीचे से मोतीनगर, भूसामंडी और राजेंद्र नगर होकर जाएंगे।
बुलाकी अड्डा से हैदरगंज की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन टिकैतराय तालाब/मिल एरिया और एवररेडी की ओर से जाएंगे।
मिल एरिया तिराहा से हैदरगंज जाने वाला ट्रैफिक मीना बेकरी और राजाजीपुरम होकर निकलेगा।
राजेंद्र नगर चौराहा से ऐशबाग ईदगाह की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। यातायात मोतीनगर/राजेंद्र नगर होकर निकलेगा।
नाका चौराहा से राजेंद्र नगर होते हुए ऐशबाग पुल/ईदगाह की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन नत्था/मवैया होकर जाएंगे।
नाका चौराहा से पाण्डेयगंज चौकी होते हुए रकाबगंज पुल की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। बांसमंडी चौराहा/राजेंद्र नगर मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
फूलमंडी फ्लाईओवर से हैदरगंज तिराहा की ओर यातायात नहीं जाएगा। वाहन विक्टोरिया स्ट्रीट, कमला नेहरू चौराहा और मेडिकल चौराहा होकर जाएंगे।
मिल एरिया तिराहा से हैदरगंज फ्लाईओवर की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन मीना बेकरी चौराहा होकर निकलेंगे।
इमरजेंसी सेवाओं को छूट
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जुलूस के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन जैसी आवश्यक सेवाओं को चिकित्सकीय या अन्य आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्गों और यातायात नियमों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।


