
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में पंजाब राज्य संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने और चुनाव में कर्मठ व ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाने पर विशेष जोर दिया।
मायावती ने स्पष्ट किया कि पंजाब विधानसभा चुनाव बसपा बिना किसी गठबंधन या समझौते के अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने तथा बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
गठबंधन को लेकर मायावती का रुख स्पष्ट
बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तरह पंजाब में भी पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन के कारण पार्टी को सीटों और वोट प्रतिशत दोनों में नुकसान होने की स्थिति से बचाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विरोधी दलों के विभिन्न राजनीतिक हथकंडों का मजबूती से सामना करते हुए पार्टी के जनाधार को बढ़ाने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में पिछले राष्ट्रीय स्तर के बैठक में दिए गए संगठनात्मक निर्देशों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मायावती ने पार्टी संगठन को पोलिंग बूथ स्तर तक मजबूत करने और जहां कमियां सामने आई हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य पंजाब में ऐसे लोगों को आगे लाना है, जो कर्मठ, ईमानदार और जनता के बीच सक्रिय हों। बसपा का दावा है कि पार्टी के माध्यम से पंजाब की जनता तक गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।
9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारी
मायावती ने बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 9 अक्टूबर को होने वाली पुण्यतिथि के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से पूरी तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने पिछले वर्ष दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा 15 जनवरी 2027 को जनकल्याणकारी दिवस के अवसर पर पार्टी के आर्थिक सहयोग को पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर करने के निर्देश भी पंजाब इकाई को दिए गए। उन्होंने इसे अंबेडकरवादी आंदोलन और बसपा के संगठन को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों को लेकर गंभीरता से काम करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें — सीएम योगी का बड़ा ऐलान: छह महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी, 9.30 लाख नियुक्तियों का दावा

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



