

एलायंस टुडे ब्यूरो
मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने ऑपरेशन सिंदूर में अपनी भूमिका निभाने वाली विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने महिला सैन्य अधिकारी के लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे राजनीतिक हलकों में हंगामा मच गया है और उनकी आलोचना शुरू हो गई है।
रामगोपाल यादव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को एक मुस्लिम, एक दलित और एक यादव ने मिलकर अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने दलित समुदाय के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जो अब विवाद का केंद्र बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह तीनों—पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग से आते हैं, ऐसे में भाजपा इस अभियान का श्रेय कैसे ले सकती है?
यह बयान उन्होंने बृहस्पतिवार को बिलारी में सपा विधायक हाजी फहीम इरफान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी अच्छे लोगों को निकाल रही है और गलत लोगों को शामिल कर रही है।
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह द्वारा महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि ऐसे नेताओं से तत्काल इस्तीफा लिया जाना चाहिए और उन्हें पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए।
सपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सेना के पराक्रम का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने कहा कि सेना ने आतंकियों के अड्डों को बहादुरी से नष्ट किया, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में सरकार ने सीजफायर कर सेना का मनोबल तोड़ा।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की एकतरफा जीत तय है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अत्याचार से त्रस्त है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



