

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: अमेठी जिले के रामगंज थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक का रिश्वत मांगते हुए कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस ऑडियो में उपनिरीक्षक एक युवक से उसके भाई को युवती के अपहरण के मामले में राहत दिलाने और जल्द रिहा कराने के बदले 70 हजार रुपये की मांग करते हुए सुना जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला रामगंज थाना क्षेत्र की एक युवती के कथित अपहरण और जबरन विवाह के दबाव से संबंधित है। ऑडियो में युवक यह भी कहता है कि उसने पहले ही इंस्पेक्टर को रुपये दे दिए हैं, जिस पर दरोगा जवाब देता है कि “वह मेरे अधिकारी हैं, लेकिन विवेचना तो मैं कर रहा हूं।
उल्लेखनीय है कि 2 मई को युवती के पिता की तहरीर पर शहजाद, इरमान, सलमान और इमरान के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना अभी चल रही है। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि वायरल ऑडियो की जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी दरोगा रामकरन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी हरेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है और वह वर्तमान में जेल में बंद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है तथा अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



