
नई दिल्ली: आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल 2025 की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता भी चरम पर पहुंच रही है। यह बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 11 जून से ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। इस बार फाइनल मैच के विजेता और उपविजेता को मिलने वाली इनामी राशि में आईसीसी ने ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है।
आईसीसी द्वारा घोषित नई इनामी राशि के अनुसार, विजेता टीम को 3.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 30.81 करोड़ रुपये मिलेंगे। यह राशि 2023 संस्करण की तुलना में दोगुनी है। गौरतलब है कि 2023 में जब ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल जीता था, तब उसे केवल 1.6 मिलियन डॉलर (13.69 करोड़ रुपये) मिले थे।
वहीं, फाइनल में हारने वाली टीम यानी उपविजेता को भी बड़ी रकम मिलने वाली है। इस बार रनर-अप टीम को 2.1 मिलियन डॉलर (लगभग 17.96 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जो कि पिछले दो संस्करणों में विजेता को मिली राशि से भी अधिक है। पहले के उपविजेता को सिर्फ 800,000 डॉलर (6.84 करोड़ रुपये) मिलते थे।
आईसीसी ने बयान में कहा, “पुरस्कार राशि में यह बढ़ोतरी टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है और इससे इस प्रतिस्पर्धा के पहले तीन चक्रों की गति बनी रहेगी।”
वर्तमान WTC चक्र में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 की घरेलू सीरीज़ जीत के साथ 69.44 प्रतिशत अंकों के साथ अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। गत विजेता ऑस्ट्रेलिया ने 67.54 अंक प्रतिशत हासिल किए, जबकि भारत ने लंबे समय तक शीर्ष पर रहने के बाद अंततः 50.00 प्रतिशत अंकों के साथ पीछे रह गया।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, “हम WTC खिताब का बचाव करने का मौका पाकर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं, खासकर लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेलना हमारे लिए विशेष होगा। यह पिछले दो वर्षों में खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।”
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने कहा, “हर कोई टेस्ट क्रिकेट के महत्व को समझता है और WTC इस प्रारूप को नई ऊंचाइयां देता है। लॉर्ड्स इस महा-मुकाबले के लिए एक आदर्श स्थल है और हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने को तैयार हैं।”
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
