
लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने कथित NEET परीक्षा पेपर लीक और बढ़ती महंगाई के खिलाफ राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी, छात्र सभा और यूथ ब्रिगेड के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सरकार विरोधी पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो काफी देर तक धक्का-मुक्की और झड़प होती रही। कई कार्यकर्ता पुलिस बसों की छत पर भी चढ़ गए। बाद में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सड़क पर घसीटा, जिससे उनके कपड़े फट गए और हाथों में चोटें आईं।
समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव आनंद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाने-पीने की जरूरी वस्तुओं की कीमतें भी लगातार बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों से लंबित हैं। उनके मुताबिक सरकार न तो OBC वर्ग के अधिकार लागू कर रही है और न ही उन्हें नियुक्तियां दे रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुद्दा उठाने के बावजूद उत्तर प्रदेश सरकार ने एक ही जाति के तीन लोगों को तीन विश्वविद्यालयों का कुलपति नियुक्त किया।
समाजवादी लोहिया वाहिनी के एक अन्य राष्ट्रीय सचिव राज साहनी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतें और कथित NEET पेपर लीक इस प्रदर्शन के मुख्य कारण हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, “हम इन मुद्दों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने जबरन हमें हिरासत में लेकर बसों में भरकर भेज दिया।”
लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र नेता जीतू कश्यप ने कहा कि कथित NEET पेपर लीक ने करीब 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों से मिलने के बजाय वह इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को उपहार देने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा की आखिर कोई प्रधानमंत्री ऐसा कैसे कर सकता है. आज हम विरोध स्वरूप 100 रुपये में डिग्री बेचने आए हैं।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने के बाद से 70 से 80 से अधिक परीक्षा पत्र लीक हो चुके हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और नौकरी मिलने की उम्मीद खत्म होती जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और उसे इस्तीफा दे देना चाहिए।
यह प्रदर्शन NEET परीक्षा रद्द करने की मांग, पेट्रोल-डीजल, गैस और दूध की बढ़ती कीमतों तथा महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर भी किया गया।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में ऐसे पोस्टर थे जिन पर लिखा था, “महंगाई की यह कैसी मार, मजे में नेता जनता लाचार” और “पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, सरकार नाकाम।”
UP Desk Alliance Today की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। टीम निष्पक्ष और प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।
