
नई दिल्ली: NEET परीक्षा को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को अपना जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य का समर्थन मिला है। मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर घोषणा की कि वह 23 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर शांतिपूर्ण धरने में शामिल होंगे।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्र-छात्राओं की आवाज़ का वह समर्थन करते हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी भी असहमति का समाधान बल प्रयोग नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से होना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और सभी पक्षों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने की अपील भी की।
बता दें कि NEET परीक्षा को लेकर जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं का समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में स्वामी प्रसाद मौर्य के धरने में शामिल होने के ऐलान ने इस मुद्दे को और राजनीतिक महत्व दे दिया है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
