

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व के निर्देश पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए गए। राजधानी लखनऊ के कैंट क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व के निर्देश पर पूरे प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और सभी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी बूथ अध्यक्षों का अभिनंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से एक ही मंत्र रहा है “बूथ जीता तो चुनाव जीता।” उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों ने जिस सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य किया है, वह संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। हर बूथ अध्यक्ष का लक्ष्य होना चाहिए कि मेरा बूथ सबसे मजबूत बने।
उन्होंने प्रदेश के सभी बूथ अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करें तथा एक-दूसरे को आगे बढ़ाने की भावना से कार्य करें।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि लखनऊ के कार्यक्रम के बाद वह शाहजहांपुर जिले के एक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भी शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में दिनभर ऐसे सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो बूथ अध्यक्ष बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा और सभी बूथ अध्यक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



