
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में छिपे आतंकियों को निशाना बनाने का संकल्प लिया था। उसी कड़ी में 7 मई को भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर जबरदस्त बमबारी की, जिसमें कम से कम 90 आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इस सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और नियंत्रण रेखा (LoC) पर भीषण गोलीबारी कर रहा है, जिसमें अब तक 15 मासूम नागरिकों की जान चली गई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी सेना द्वारा दी गई है।
पाकिस्तानी सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लगातार मोर्टार दागे जा रहे हैं। भारतीय सेना ने भी मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब देना शुरू कर दिया है। सेना ने साफ कहा है कि पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का माकूल जवाब दिया जाएगा। सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। फिलहाल सीमावर्ती इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुंछ जिले के कई इलाकों में गोलीबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के एक कोने पर पाकिस्तानी गोला गिरा, जिससे दरवाजे और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष नरिंदर सिंह ने बताया कि कई मकानों और सार्वजनिक स्थानों को भी नुकसान हुआ है।
इस पूरे घटनाक्रम की जड़ पहलगाम में हुआ आतंकी हमला है, जिसमें 15 सैलानियों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की गई थी और पाकिस्तान पर सवाल खड़े किए गए थे। इसके बाद भारत ने आतंक के अड्डों को समाप्त करने का संकल्प लिया और 7 मई को निर्णायक कार्रवाई की। अब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है।
