
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: यूपी की राजधानी के वजीरगंज क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक गांधी आश्रम (गांधी भवन) में इन दिनों एक एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन चल रहा है. जिसमें आज समाजवादी पार्टी की किन्नर महासभा की प्रदेश अध्यक्ष पायल किन्नर ने अतिथि के रूप में शिरकत की। यह कार्यक्रम प्रख्यात जादूगर “बादशाह जादूगर” के जादू शो को लेकर आयोजित किया गया है, जिसे देखने बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य व्यक्ति पहुंचे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही पायल किन्नर का भव्य स्वागत किया गया। आयोजकों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने मंच पर पहुंचकर जादू शो का आनंद लिया और कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पायल किन्नर ने न केवल बादशाह जादूगर को सम्मानित किया, बल्कि कार्यक्रम से जुड़े अन्य कर्मचारियों और कलाकारों को भी स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ समाजसेवी अमल आनंद वर्मा, लखनऊ यातायात पुलिस के निरीक्षक हरेंद्र पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत गौतम सहित समाजवादी किन्नर महासभा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की खुले दिल से प्रशंसा की।
