
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी पुलिस और आगरा STF की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपद हाथरस के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के वांछित और ₹1 लाख के इनामी अपराधी जितेंद्र उर्फ जीतू को मुठभेड़ में मार गिराया गया। जीतू, मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र में तारापुर कट पुलिया के पास पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ। उसके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल होने के बाद जीतू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
13 संगीन मामलों में वांछित था जीतू
जीतू का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर था। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 13 संगीन मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ दर्ज कुछ प्रमुख मुकदमों में शामिल हैं:
क्राइम नंबर 329/2005, धारा 302/120B
क्राइम नंबर 543/2007, धारा 307/506
क्राइम नंबर 96/2022, धारा 302/388
क्राइम नंबर 239/2024, धारा 147/148/149/302/34/120B/506
(सभी थाना हाथरस जंक्शन, जनपद हाथरस के अंतर्गत दर्ज)
मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार
इधर मुजफ्फरनगर में भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों विशाल और विशेष को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रविवार रात वाहनों की जांच के दौरान जब उन्हें रोका गया तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
